70Kmph वाली आंधी और बारिश... दिल्ली-एनसीआर में झमाझम, पंजाब से बिहार तक पलटा मौसम, IMD का 18 राज्यों में अलर्ट

3 hours ago

Aaj Ka Mausam Live: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. मार्च के महीने में ही चिलचिलाती धूप और गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर भारत में 15 से 20 मार्च तक छिटपुट से लेकर भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर में अगले 5-6 दिनों तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी है. मध्य और पूर्वी भारत में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने वाली हैं, जबकि दक्षिण भारत में छिटपुट बारिश रहेगी, लेकिन विदर्भ में हीट वेव की चेतावनी है. वहीं आईएमडी के मुताबिक, 17 मार्च की रात से पश्चिमी विक्षोभ की नई प्रणाली एक्टिव होने की संभावना है. यह उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगी, जिससे पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी बढ़ेगी.

आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 15 से 20 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले पांच से छह दिनों तक व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का भी अनुमान लगाया गया है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 14 और 15 मार्च के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.

पूर्वी और मध्य भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में 14 से 18 मार्च के बीच बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना है. झारखंड और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

दक्षिण भारत में भी कुछ हिस्सों में मौसम बदलेगा. तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में अलग-अलग दिनों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है. वहीं पश्चिम भारत के गुजरात क्षेत्र में 18 और 19 मार्च को हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है. उत्तर भारत के कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया है. महाराष्ट्र के अकोला में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस समय के हिसाब से काफी ज्यादा है. वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस पंजाब के अमृतसर और आदमपुर में दर्ज किया गया.

दिल्ली में आंधी-बारिश के आसार

दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च की सुबह हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं.

इसके बाद 18 मार्च को एक बार फिर हल्की बारिश या बूंदाबांदी का दौर देखने को मिल सकता है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है, हालांकि उसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है.

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का मौसम

उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च के दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 मार्च को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

उत्तराखंड में 14 से 16 मार्च के बीच बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. इसके साथ ही 18 और 19 मार्च को भी मौसम सक्रिय रह सकता है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है.

बिहार और झारखंड का मौसम

बिहार में 15 से 17 मार्च के बीच मौसम बदलने के संकेत हैं. कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है.

झारखंड में भी 15 से 17 मार्च के दौरान बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है. 16 मार्च को कुछ इलाकों में तेज आंधी यानी थंडरस्क्वॉल की स्थिति बन सकती है, जिसमें हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी जा सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार इन बदलावों के पीछे मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण और कई ट्रफ लाइनों का सक्रिय होना है. उत्तर भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिसके कारण मौसम में अस्थिरता बनी हुई है.

आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी वाले इलाकों में सावधानी बरतें. खासकर किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों की सुरक्षा के उपाय करें. आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखना जरूरी होगा.

Read Full Article at Source