Last Updated:March 16, 2026, 11:53 IST
Parliament Budget Session LIVE: संसद का बजट सत्र अभी तक काफी हंगामेदार रहा है. कभी पूर्व आर्मी चीफ की अप्रकाशित किताब तो कभी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव की नौबत बनी रही. लोकसभा में नो कॉन्फिडेंस मोशन गिरने के बाद स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों के नाम ओपन लेटर लिखकर खास अपील की है.

Parliament Budget Session LIVE: संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का सोमवार को छठा दिन है और एक बार फिर सदन में तीखी राजनीतिक टकराव की संभावना बनी हुई है. विपक्षी दल देशभर में कथित LPG संकट और सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है. पिछले सप्ताह से ही विपक्षी दल लगातार LPG संकट, ऊर्जा सुरक्षा और महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं. शुक्रवार को संसद परिसर में कई विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया था और आठ निलंबित सांसदों की बहाली की मांग उठाई थी. इस दौरान सदन के भीतर भी नारेबाजी और हंगामे की स्थिति बनी रही थी. केंद्रीय वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman ने विपक्ष से अपील करते हुए कहा था कि अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के कारण देश के सामने कुछ चुनौतियां पैदा हुई हैं और ऐसे समय में विपक्ष को सरकार के साथ मिलकर खड़ा होना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार हालात से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है और जरूरत पड़ने पर जरूरी फंड उपलब्ध कराने के लिए तैयार है. संसद की कार्यवाही में लगातार हो रहे व्यवधान को देखते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने रविवार को सभी सांसदों को एक खुला पत्र लिखकर संसद की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से सदन और संसद परिसर में कुछ सदस्यों के व्यवहार से संसदीय लोकतंत्र की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है.
स्पीकर बिरला ने पत्र में क्या कहा?
अपने पत्र में स्पीकर बिरला ने कहा कि बैनर, प्लेकार्ड और संकेतों का प्रदर्शन, इस्तेमाल की जा रही भाषा और आचरण गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने सांसदों से आत्ममंथन करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया. साथ ही उन्होंने सभी दलों के नेताओं से भी अपने सदस्यों में अनुशासन और उच्च आचरण सुनिश्चित करने को कहा. संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले पांच दिनों में भी कई बार कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ चुकी है. 13 मार्च को विपक्षी सांसदों ने LPG संकट को लेकर जोरदार नारेबाजी की थी, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई थी. उसी दिन विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई सांसदों ने निलंबित सदस्यों की वापसी की मांग भी उठाई थी. 12 मार्च को लोकसभा में LPG संकट पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने ऊर्जा सुरक्षा का मुद्दा उठाया था और कहा था कि किसी भी देश की बुनियाद उसकी ऊर्जा सुरक्षा होती है. इस दौरान उन्होंने पेट्रोलियम मंत्री पर टिप्पणी की, जिस पर स्पीकर ने उन्हें बोलने से रोक दिया था. इसके बाद विपक्षी सांसदों ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी.
अमित शाह का राहुल गांधी पर पलटवार
11 मार्च को भी LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर विपक्ष ने लोकसभा में विरोध जताया था. हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी थी. इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए उनके आचरण को लेकर टिप्पणी की थी, जिससे राजनीतिक माहौल और गरमा गया था. इससे पहले 10 मार्च को कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने आरोप लगाया था कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलते समय बार-बार रोका गया. इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जवाब देते हुए कहा था कि सदन में बेहतर आचरण की अपेक्षा सभी से की जाती है. वहीं, 9 मार्च को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव और उससे जुड़े ऊर्जा संकट के संभावित प्रभावों पर संसद को जानकारी दी थी. उन्होंने कहा था कि भारत क्षेत्र में शांति और संवाद के जरिए समाधान का समर्थन करता है और जरूरत पड़ने पर विदेशों में फंसे भारतीयों की वापसी के लिए भी तैयार है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
March 16, 2026, 10:57 IST

2 hours ago
