UPSC पास करने के बाद कहां चले जाते हैं टॉपर? मसूरी तो सब जानते हैं, बाकी 5 जगहों के नाम सुने हैं क्या?

2 hours ago

नई दिल्ली (UPSC Officers Training Academies). संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है. हर साल लाखों युवा आईएएस, आईपीएस और अन्य प्रतिष्ठित पदों पर चयनित होने का सपना देखते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसमें सफल होने के बाद अफसर बनने का सफर कहां और कैसे शुरू होता है? सफल अभ्यर्थियों को देश के विभिन्न हिस्सों में स्थित विश्व स्तरीय अकादमियों में प्रशासन, सुरक्षा और देश सेवा के गुर सिखाए जाते हैं. यह ट्रेनिंग उन्हें न सिर्फ काम में माहिर बनाती है, बल्कि जिम्मेदार अफसर के रूप में भी तैयार करती है.

सभी चयनित अधिकारियों के लिए यूपीएससी ट्रेनिंग की शुरुआत एक साथ होती है, जिसे फाउंडेशन कोर्स कहा जाता है. इसके बाद उम्मीदवारों को उनकी आवंटित सेवा (Service Allocation) के अनुसार देश के विभिन्न ट्रेनिंग संस्थानों में भेज दिया जाता है. उदाहरण- आईएएस अधिकारी उत्तराखंड की वादियों में ट्रेनिंग लेते हैं, भारतीय डाक सेवा (IPoS) के अधिकारी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बारीकियां सीखते हैं. यह प्रक्रिया रोमांचक और चैलेंजिंग होती है. इसमें भारत दर्शन से लेकर मुश्किल फिजिकल ट्रेनिंग और नियम-कायदे बनाने की क्लासेज तक, सबकुछ शामिल होता है.

लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA), मसूरी

लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी भारत की सबसे प्रतिष्ठित ट्रेनिंग एकेडमी है. यहां आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) के अधिकारियों को ट्रेन किया जाता है. ट्रेनिंग की शुरुआत यहीं से होती है, जहां सभी चयनित यूपीएससी टॉपर्स (आईपीएस आईएफएस, आईआरएस आदि) 3-4 महीने के ‘फाउंडेशन कोर्स’ के लिए एक साथ आते हैं. उत्तराखंड के मसूरी की वादियों में स्थित यह संस्थान अधिकारियों को एकता और राष्ट्र निर्माण का पाठ पढ़ाता है.

सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA), हैदराबाद

मसूरी के LBSNAA में फाउंडेशन कोर्स पूरा होने के बाद आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) के अधिकारी हैदराबाद में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी पहुंचते हैं. यहां की ट्रेनिंग बहुत सख्त होती है. फिजिकल फिटनेस, हथियार चलाना, कानून व्यवस्था बनाए रखना, भीड़ को नियंत्रण में रखना और अपराध की जांच करना आदि यहां की ट्रेनिंग का मुख्य हिस्सा हैं. यहां की परेड और ड्रिल अनुशासन की मिसाल मानी जाती है.

रफी अहमद किदवई राष्ट्रीय डाक अकादमी (RAKNPA), गाजियाबाद

IPoS (भारतीय डाक सेवा) में अधिकारी बनने के लिए भी यूपीएससी सीएसई परीक्षा पास करना जरूरी है. गाजियाबाद स्थित रफी अहमद किदवई राष्ट्रीय डाक अकादमी उनका मुख्य केंद्र है. यहां अधिकारियों को डाक सेवाओं के प्रबंधन, बैंकिंग, ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स के बारे में सिखाया जाता है. भारतीय डाक सेवा दुनिया के सबसे बड़े नेटवर्क में से एक है. इसलिए यहां की ट्रेनिंग में तकनीकी दक्षता और ग्राहक सेवा पर खास फोकस किया जाता है.

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (IGNFA), देहरादून

भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों की ट्रेनिंग देहरादून की खूबसूरत वादियों में होती है. यहां पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, वन कानूनों और इकोसिस्टम की रक्षा के लिए तैयार किया जाता है. उनकी ट्रेनिंग का एक बड़ा हिस्सा जंगलों और राष्ट्रीय उद्यानों के फील्ड दौरों पर बेस्ड होता है. यहां अफसरों को न केवल किताबी ज्ञान दिया जाता है, बल्कि ड्रोन तकनीक, GIS मैपिंग और जंगलों में सर्वाइवल के गुर भी सिखाए जाते हैं. वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए हथियार चलाने और दुर्गम रास्तों पर गश्त करने की ट्रेनिंग भी मिलती है.

5. सुषमा स्वराज विदेश सेवा संस्थान (SSIFS), नई दिल्ली

भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारी दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज विदेश सेवा संस्थान में कूटनीति (Diplomacy) सीखते हैं. यहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय संबंधों, विदेशी भाषाओं और प्रोटोकॉल का ज्ञान दिया जाता है. देश का प्रतिनिधित्व विदेशों में कैसे करना है, इसका गुर यहीं सिखाया जाता है. इसके साथ ही इन अधिकारियों को विदेशी मेहमानों की मेजबानी, हाई-प्रोफाइल मीटिंग्स के शिष्टाचार और अंतरराष्ट्रीय संधियों (Treaties) की बारीकियों में भी माहिर बनाया जाता है.

6. राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी (NADT), नागपुर

भारतीय राजस्व सेवा (IRS-आयकर) के अधिकारियों को मसूरी के बाद नागपुर में स्थित राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी भेजा जाता है. यहां उन्हें टैक्स कानूनों, अकाउंटिंग और अर्थव्यवस्था के बारे में विस्तार से पढ़ाया जाता है, देश का खजाना भरने और टैक्स चोरी रोकने की जिम्मेदारी इन्हीं अधिकारियों की होती है. फॉरेंसिक ऑडिट, साइबर क्राइम और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे मॉडर्न फाइनेंशियल क्राइम्स पकड़ने के लिए यहां उन्हें विशेष रूप से ट्रेन किया जाता है.

7. अन्य महत्वपूर्ण प्रशिक्षण केंद्र

NACIN, फरीदाबाद: यहां IRS (सीमा शुल्क और अप्रत्यक्ष कर) अधिकारियों की ट्रेनिंग होती है. NAAA, शिमला: भारतीय लेखा परीक्षा और लेखा सेवा (IA&AS) के अधिकारियों का केंद्र. IRITM, लखनऊ: भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के अधिकारियों के लिए.

ट्रेनिंग के दौरान भारत दर्शन का मौका

अफसरों की ट्रेनिंग का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा भारत दर्शन होता है. इसके तहत अधिकारियों को पूरे देश का भ्रमण कराया जाता है. वे गांवों, सीमावर्ती क्षेत्रों, उद्योगों और सैन्य ठिकानों पर जाकर भारत की जमीनी हकीकत और विविधता समझते हैं. भारत दर्शन यात्रा के दौरान सभी ट्रेनी अफसर देश की संस्कृति और सरकारी कामों को करीब से देखते हैं, जिससे आगे चलकर वे लोगों की मुश्किलों को अच्छी तरह समझ सकें और उन्हें हल कर सकें.

यूपीएससी अधिकारियों के ट्रेनिंग सेंटर

ऑफिसर (सिविल सर्विस)ट्रेनिंग एकेडमीलोकेशन
आईएएसLBSNAAमसूरी
आईपीएसSVPNPAहैदराबाद
आईएफएस (वन सेवा)IGNFAदेहरादून
आईपीओएस (IPoS)RAKNPAगाजियाबाद
आईएफएस (विदेश सेवा)SSIFSनई दिल्ली
आईआरएसNADTनागपुर
Read Full Article at Source