Last Updated:March 16, 2026, 18:38 IST
अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उनका वजन कम तो हो जाता है लेकिन क्या करें फिर से बढ़ जाता है. यही वजह है कि मोटापा घटाना अक्सर मुश्किल होता है और उसे मेनटेन रखना और भी कठिन होता है. लेकिन सिर्फ 10 महीनों में अपनी मेहनत से 44 किलोग्राम वजन घटाने वाले डीसीपी जितेंद्र मणि त्रिपाठी ने इस वजन को मेनटेन रखने का भी कारनामा कर दिया है. 3 साल से जितेंद्र मणि का वजन 84.7 किलोग्राम पर ही टिका है और बीपी, कोलेस्ट्रॉल भी गायब हैं. आइए उन्हीं से जानते हैं कि ये करिश्मा उन्होंने कैसे किया? आखिर वजन को मेनटेन कैसे किया जाए?
मोटापा ऐसी बुरी चीज है कि एक बार अगर बढ़ जाए तो उसे घटाना काफी मुश्किल है, लेकिन अगर वजन कम हो भी जाए तो उसे नियंत्रित और मेनटेन रखने में पसीने छूट जाते हैं, क्योंकि शरीर की प्रकृति ही ऐसी है कि आप जी-तोड़ मेहनत कर मोटापा घटा तो लेते हैं लेकिन आपके ढीला पड़ते ही आपका शरीर दोगुनी तेजी से चर्बी चढ़ा लेता है, लेकिन अगर सामने डीसीपी जितेंद्र मणि जैसे व्यक्ति हों तो शरीर को भी अपनी प्रकृति बदलनी पड़ती है. जो तस्वीर आप देख रहे हैं उसमें पहली तस्वीर मोटापे से ग्रस्त डीसीपी मणि की है और दूसरी 10 महीने बाद वाली तस्वीर में आप लाल कपड़ों में फिट और स्मार्ट जितेंद्र मणि को देख रहे हैं.
जी हां अगर आप भी वजन घटाकर उसे मेनटेन नहीं रख पा रहे हैं तो आपको निश्चित ही डीसीपी मणि से सीखना चाहिए. इन्होंने सिर्फ 10 महीने में 45 किलो वजन घटाकर मिसाल कायम कर दी थी. हालांकि इससे भी खास और दिलचस्प बात है कि 129 किलोग्राम से 85 किलोग्राम तक आए जितेंद्र मणि का वजन पिछले 3 साल से 84.7 किलोग्राम पर ही टिका है. आखिर कैसे? तो आइए उन्हीं से जानते हैं वजन घटाने से लेकर वजन को मेनटेन करने की क्या ट्रिक उन्होंने अपनाई?
डीसीपी मणि ने बताया, 'मेरी इस खास यात्रा के नतीजे आपके साथ शेयर करते हुए बहुत गर्व महसूस हो रहा है क्योंकि यह यात्रा जनवरी 2022 में शुरू हुई थी. जनवरी से अक्टूबर 2022 के बीच मैंने सिर्फ 10 महीनों में बड़ा बदलाव किया और मेरा वजन 129 किलो से घटकर लगभग 85 किलो हो गया. सबसे खास बात थी कि मैंने इन महीनों में न तो कोई वजन घटाने की दवा खाई और न ही कोई इंजेक्शन, सर्जरी या कोई मेडिकल ट्रीटमेंट लिया.'
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने बताया, 'इन पहले 10 महीनों में मैंने जो वजन घटाने के लिए सबसे मजबूत और बड़ा काम किया वह था पैदल चलना. मैंने 45 लाख से ज्यादा कदम चले. यह रोजाना करीब 15000 कदम चलने जैसा था. मेरी रणनीति बहुत सरल थी, लेकिन उसमें अनुशासन था.यानि मैं बिना नागा हर दिन चलता था. इसके बाद दूसरी चीज जो मैंने नियंत्रित की वह थी मेरी डाइट. जिसको मैंने मुस्तैदी से फॉलो किया.
'डाइट में मैंने कार्बोहाइड्रेट काफी कम कर दिए. इन 10 महीनों में खासकर चावल, रोटी और चीनी लेना मैंने लगभग बंद दिया था. लेकिन इस दौरान मैंने एक चीज का ध्यान रखा कि मेरे शरीर में से पोषण कम न हो. इसके लिए मैंने शरीर को ज्यादा प्रोटीन, ताजे फल और पौष्टिक सलाद से ऊर्जा दी. ये सभी चीजें मेरे रोजाना के खाने में शामिल थीं.मैं सूप पीता था, भुने हुए चने और स्प्राउट्स, पनीर, सब्जियों वाली दाल और हरी सब्जियों पर पूरी तरह आश्रित हुआ.'
ऐसा करके मैंने करीब 44 किलो वजन तो घटा लिया, मैं एकदम फिट और स्मार्ट हो गया लेकिन इसके बाद जो सबसे असली चुनौती मेरे सामने आई वह थी इस वजन को बनाए रखने की. हालांकि मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि मैंने उस उपलब्धि को भी हासिल किया. अक्सर वजन कम होने के बाद शरीर फिर से वजन बढ़ाने की कोशिश करता है, लेकिन मैंने इसे कंट्रोल कर लिया.'
'यह मेरी वजन घटाने नहीं बल्कि वजन के मेंटीनेंस की यात्रा थी जो काफी कठिन थी. जनवरी 2023 से मार्च 2026 तक पिछले 3 साल से मेरा वजन 84.7 किलो के आसपास स्थिर है. इसके लिए मैं बताना चाहता हूं कि यह लगातार मेहनत और अनुशासन की वजह से संभव हुआ है. इस दौरान मैंने कुल 2 करोड़ 17 लाख कदम चले हैं, यानि करीब 17,000 किमी की दूरी तय की है. अगर इसे नापा जाए तो यह लगभग 406 पूरे मैराथन दौड़ने के बराबर है.'
वहीं अगर मेरी वजन घटाने की यात्रा को 2022 से लेकर 2026 तक देखा जाए तो अब तक मैंने कुल 2 करोड़ 63 लाख कदम चले हैं और लगभग 22,000 किमी दूरी तय की है. बता दूं कि इस वजन घटाने से लेकर मेंटीनेंस तक की पूरी यात्रा में मैंने कोई दवा, इंजेक्शन, सर्जरी या कोई भी मेडिकल असिस्टेंस नहीं ली है, बल्कि यह शुद्ध शारीरिक कसरत, संतुलित डाइट और अनुशासन का कमाल है.
'इसलिए मैं कहता हूं कि जो लोग भी वजन घटाना या उसे नियमित रखना चाहते हैं तो उन्हें सबसे पहले अनुशासित होना होगा. चाहे जो परिस्थिति हो, अगर आपने कोई बीड़ा उठाया है तो उसे हर हालत में संपूर्ण करना है.असल चमत्कार सिर्फ वजन कम करने में नहीं है, बल्कि हर दिन लगातार मेहनत और अनुशासन बनाए रखने में है. मेरी यह यात्रा अभी जारी है, और मैं लंबे समय तक इसी स्वस्थ जीवनशैली को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हूं.' इस तस्वीर को देखें जो कि 15 साल से ज्यादा पुरानी है, और वजन घटाने के बाद उनकी अभी की तस्वीरों में कोई खास फर्क नहीं है.
First Published :
March 16, 2026, 18:38 IST

1 hour ago
