LPG Crisis Live Updates: गैस सिलेंडर को लेकर घबराहट का माहौल, तेलंगाना में बुकिंग सिस्टम पर असर, केरल में 40% रेस्तरां बंद

4 hours ago

होमताजा खबरदेश

LIVE: गैस सिलेंडर को लेकर घबराहट का माहौल, केरल में 40% रेस्तरां बंद

Last Updated:March 13, 2026, 13:03 IST

पश्चिम एशिया में जंग की वजह से ऑयल मार्केंटिंग कंपनियों के बुकिंग सिस्टम पर भी दबाव बढ़ गया है. डिस्ट्रीब्यूटरों ने बताया कि रिफिल के लिए अचानक बढ़ी मांग के कारण कई बार सर्वर क्रैश हो रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा ...और पढ़ें

 गैस सिलेंडर को लेकर घबराहट का माहौल, केरल में 40% रेस्तरां बंदZoom

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लाइनें लगी हैं. (पीटीआई)

नई दिल्ली. पश्चिम एशिया में इजरायल और अमेरिका के साथ ईरान की जंग से भारत में फ्यूल को लेकर संसद से सड़क तक हंगामा मचा हुआ है. हालांकि, सरकार ने कहा है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है. फिर कई राज्यों से ऐसी खबरें आ रही हैं, जहां लोग पेट्रोल पंपों और एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आए, जिससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ रेस्तरां, स्कूलों और खानपान सेवाओं का कामकाज भी प्रभावित होने लगा है. इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने संसद में भी केंद्र पर निशाना साधा. वहीं, सरकार ने संसद में कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद पेट्रोल, डीजल और केरोसिन की कोई कमी नहीं है और यह अफवाहें फैलाने का समय नहीं है.

LPG Crisis Live Updates: एलपीजी सिलेंडर को लेकर घबराहट, तेलंगाना में बुकिंग सिस्टम पर असर

तेलंगाना में एलपीजी सिलेंडरों की घबराहट में की जा रही भारी बुकिंग के कारण राज्य के कई वितरण केंद्रों पर एलपीजी बुकिंग प्रणाली प्रभावित हो गई है. तेलंगाना एलपीजी वितरक संघ के अध्यक्ष कल्लूरी जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि एलपीजी की अचानक बढ़ी मांग के कारण वितरण नेटवर्क लगभग ठप हो गया है और राज्य के कई एलपीजी वितरण केंद्रों पर कामकाज बाधित हुआ है. उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं द्वारा अचानक बड़ी संख्या में सिलेंडर बुक कराने से बृहस्पतिवार को कई स्थानों पर तकनीकी और संचालन संबंधी समस्याएं पैदा हो गईं.

LPG Crisis Live Updates: गैस सिलेंडर की कमी से केरल में रेस्तरां, कैटरिंग, हॉस्टल, कैंटीन और शवदाह गृह पर असर

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बाद उत्पन्न एलपीजी की कमी के कारण केरल में करीब 40 प्रतिशत रेस्तरां बंद होने की स्थिति में हैं, क्योंकि कई प्रतिष्ठान खाना पकाने के वैकल्पिक तरीकों का तुरंत इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं. यह जानकारी उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने दी. एलपीजी की कमी से रेस्तरां के अलावा कैटरिंग सेवाएं, छात्रावास, कैंटीन और शवदाह गृह भी प्रभावित हुए हैं. ‘केरल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन’ के अध्यक्ष जी. जयपाल ने ‘पीटीआई’ से कहा कि शुक्रवार तक राज्य में लगभग 40 प्रतिशत रेस्तरां बंद हो जाएंगे. उन्होंने बताया, “12 मार्च तक करीब 20 प्रतिशत रेस्तरां बंद हो चुके थे. 13 मार्च तक यह संख्या बढ़कर 40 प्रतिशत हो जाएगी क्योंकि एलपीजी का भंडार जल्द खत्म हो जाएगा.”

केंद्र और राज्य सरकारों ने खाना पकाने के वैकल्पिक तरीके अपनाने की सलाह दी है लेकिन संगठन का कहना है कि शहरी क्षेत्रों के होटलों में लकड़ी से खाना बनाना व्यावहारिक नहीं है।

LPG Crisis Live Updates: महाराष्ट्र सरकार ने एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई के लिए उठाए कई जरूरी कदम

ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच देश के कई हिस्सों में गैस व ईंधन संकट को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं. राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने पूरे महाराष्ट्र में कंट्रोल रूम स्थापित करने और जिला स्तर पर विशेष समितियां गठित करने का फैसला किया है, ताकि घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहे. खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल डिग्गीकर ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि राज्यभर में एलपीजी वितरण की लगातार निगरानी की जाए और आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। सरकार ने साफ कहा है कि राज्य में घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं है और नागरिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है.

LPG Crisis Live Updates: 'घरेलू एलपीजी गैस की सप्लाई बाधित होने की अफवाहें फैलाई जा रही'

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने की अफवाहें फैलाई जा रही है. हरियाणा में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति है पूरी तरह सामान्य और निर्बाध है. उन्होंने बताया कि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई. तेल कंपनियों ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में पर्याप्त स्टॉक है उपलब्ध है और गैस की भी आपूर्ति निरंतर हो रही है.

LPG Crisis Live Updates: एलपीजी की किल्लत के बीच केरोसिन की तरफ लौट रहे लोग

रसोई गैस को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच केरोसिन की वापसी हुई है. युद्ध के हालातों और जरूरतों की अनिश्चितता को देखते हुए लोग बैकअप प्लान तैयार कर रहे हैं. सभी राज्यों को केरोसिन का इंतजाम करने को कहा गया है. खाना पकाने और रोशनी के लिए अतिरिक्त केरोसिन मिलेगा. राज्यों को FPS या तय जगहों से डिस्ट्रीब्यूशन की छूट दी जाएगी. OMC के पेट्रोल पंपों से भी डिस्ट्रीब्यूशन हो सकता है. ग्रामीण परिवारों को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है.

LPG Crisis Live Updates: 'मध्यप्रदेश में घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं'

पश्चिम एशिया में संघर्ष कारण गैस आपूर्ति को लेकर उठी चिंताओं के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है और इसकी निर्बाध आपूर्ति जारी रहेगी. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य पूरी तरह सजग हैं तथा नागरिकों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने कहा, “केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर कालाबाजारी रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं.”

LPG Crisis Live Updates: छतरपुर में छापेमारी के दौरान 38 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त

उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे बुंदेलखंड क्षेत्र के छतरपुर जिले में पिछले दो दिनों के दौरान अधिकारियों की छापेमारी में 38 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर पिछले तीन दिन से रसोई गैस सिलेंडर की कमी की खबरों के बीच यह कार्रवाई की गई. अधिकारियों ने बताया कि राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को नौगांव क्षेत्र के बिलहरी गांव में एक जल संयंत्र पर छापा मारकर 13 खाली एलपीजी सिलेंडर जब्त किए. उन्होंने बताया कि इन सिलेंडरों का अवैध रूप से भंडारण किया जा रहा था और उनका उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए किया जा रहा था.

Location :

New Delhi,Delhi

First Published :

March 13, 2026, 07:58 IST

Read Full Article at Source