कोडरमा में गैस सिलेंडर के लिए मचा हाहाकार, घंटों की लाइन फिर भी खाली हाथ लौट रहे लोग

3 hours ago

Last Updated:March 13, 2026, 13:14 IST

कोडरमा में इन दिनों लोगों को घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को सुबह 6 बजे से ही गैस वितरण स्थल पर पहुंचकर नंबर लगाना पड़ रहा है. इसके बाद गैस लेने के लिए उन्हें करीब तीन से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है.

कोडरमा: ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है. इसका प्रभाव भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है. देश में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता का माहौल बन गया है. कई जगहों से गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों और लोगों के बीच होड़ की खबरें सामने आ रही हैं. संभावित कमी की आशंका को देखते हुए लोग अब गैस का भंडारण भी करने लगे हैं. इसका असर झारखंड के कोडरमा जिले में भी साफ तौर पर देखा जा रहा है.

घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने में परेशानी
कोडरमा में इन दिनों लोगों को घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को सुबह 6 बजे से ही गैस वितरण स्थल पर पहुंचकर नंबर लगाना पड़ रहा है. इसके बाद गैस लेने के लिए उन्हें करीब तीन से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है. कई लोगों को सुबह 10 बजे तक ही गैस मिल पा रही है. जबकि कई लोग बिना गैस लिए ही वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं.

3 घंटे इंतजार करने के बाद भी नहीं मिला गैस
जानकारी के अनुसार, गैस एजेंसी की ओर से प्रतिदिन केवल 150 सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है. ऐसे में जिन लोगों का नंबर उस दिन नहीं आ पाता. उन्हें दूसरे दिन फिर से आकर लाइन में लगना पड़ता है. इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. शहर के पुराना बस स्टैंड निवासी आकाश कुमार ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से गैस लेने के लिए गैस एजेंसी के वितरण स्थल पूर्णिमा टॉकीज के समीप मैदान में पहुंच रहे हैं. लेकिन अब तक उन्हें गैस नहीं मिल पाई है. उन्होंने बताया सुबह करीब 7 बजे वह लाइन में लगे थे. करीब 10 बजे के बाद एजेंसी कर्मियों ने बताया कि उस दिन वितरण के लिए जो 150 सिलेंडर आए थे, वो पहले से नंबर लगाए लोगों को ही मिलेंगे. ऐसे में उनका नंबर अगले दिन आएगा. इसके बाद उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ा. उन्होंने कहा कि घर में गैस सिलेंडर खत्म हो चुका है, जिसके कारण अब लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है. इसके लिए उन्हें 300 रुपए में लकड़ी का बंडल खरीदना पड़ रहा है.

20 किलोमीटर दूर से गैस लेने पहुंची महिला
करीब 20 किलोमीटर दूर बरही से झुमरी तिलैया गैस सिलेंडर लेने पहुंची अनीता देवी ने बताया कि पहले वह झुमरीतिलैया में रहती थीं. इसलिए उनका गैस कनेक्शन यहीं पर है. बाद में रोजगार की तलाश में उनका परिवार बरही में जाकर रहने लगा. वह गैस लेने के लिए अपना कार्ड लेकर यहां पहुंची थीं. लेकिन यहां आकर पता चला कि अब गैस इतनी आसानी से नहीं मिल पा रही है. उन्होंने बताया कि अब पहले नंबर लगाना पड़ता है और एक-दो दिन बाद नंबर आने पर ही गैस मिलती है. ऐसे में उन्हें करीब 20 किलोमीटर दूर से खाली हाथ वापस लौटना पड़ा.

अफवाहों के कारण सिलेंडर रिजर्व करने में जुटे लोग
ताराटांड़ निवासी संजय प्रसाद यादव ने बताया कि पहले गैस लेने के लिए नंबर लगने की जरूरत नहीं पड़ती थी. लेकिन अब सुबह 6 बजे से लाइन में लगना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि वह सुबह से इंतजार कर रहे थे और करीब 10 बजे उन्हें गैस सिलेंडर मिल पाया. उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न जगहों पर फैल रही अफवाहों के कारण भी समस्या बढ़ रही है. जिन लोगों को एक सिलेंडर की जरूरत है, वे भी तीन से चार सिलेंडर एक साथ लेकर घर में रिजर्व के तौर पर रख रहे हैं, जिससे अन्य लोगों को गैस मिलने में दिक्कत हो रही है.

धूप में लाइन लगने पर भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
राम लखन सिंह यादव कॉलेज रोड निवासी मुन्नी खातून ने बताया कि इस समय रमजान का महीना चल रहा है. ऐसे में उन्हें सुबह 7 बजे से लेकर करीब 10 बजे तक धूप में खड़े रहकर गैस के लिए इंतजार करना पड़ा. उन्होंने कहा कि पहले गैस सिलेंडर आसानी से घर तक पहुंच जाता था. लेकिन अब गैस के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है. कुल मिलाकर कोडरमा में सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी का माहौल है.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क...और पढ़ें

Location :

Kodarma,Jharkhand

First Published :

March 13, 2026, 13:14 IST

Read Full Article at Source